
सुल्तानपुर। दिनांक 14 फरवरी 2026 को श्री प्रणव कुमार, मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल, उत्तर प्रदेश डाक परिमंडल द्वारा प्रयागराज परिक्षेत्र के अंतर्गत सुल्तानपुर मंडल के गोराबारिक शाखा डाकघर का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने न केवल गोराबारिक शाखा डाकघर की कार्यप्रणाली की समीक्षा की, बल्कि सुल्तानपुर मंडल के कुल 15 शाखा डाकघरों के प्रदर्शन का भी विस्तृत मूल्यांकन किया।
निरीक्षण के उपरांत उन्होंने बेहतर कार्य करने वाले शाखा डाकघरों की सराहना करते हुए कर्मचारियों को और अधिक उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में डाक सेवाओं की गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखना विभाग की प्राथमिकता है। जनपद में आगमन पर मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर प्रयागराज रीजन की निदेशक प्रीति अग्रवाल भी मौजूद रहीं। समीक्षा बैठक के दौरान डाक अधीक्षक राजेश कुमार तिवारी एवं समस्त डाककर्मियों द्वारा पूर्व माह में डाक जीवन बीमा योजना के अंतर्गत किए गए उल्लेखनीय कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की गई।
उल्लेखनीय है कि डाक जीवन बीमा योजना में सुल्तानपुर मंडल ने पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का मान बढ़ाया है। यह उपलब्धि डाक अधीक्षक एवं समस्त कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। समीक्षा बैठक में सुल्तानपुर व अमेठी संयुक्त जिले के निरीक्षक भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी इसी प्रकार समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ जनसेवा का कार्य जारी रहे।
Report–Rakesh Sharma ( special correspondent)


