Uncategorized

मिशन शक्ति की गूँज से गूँजा बड़गांव, बालिकाएँ हुईं जागरूक

स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार अभियान

रिपोर्ट- अनुराग त्रिपाठी (कादीपुर)

अखण्डनगर (सुलतानपुर)।
रामाचार्य त्रिपाठी सर्वोदय शिक्षक संस्थान इंटरमीडिएट कॉलेज, बड़गांव में “स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार अभियान” के तहत एक भव्य जागरूकता कैंप का आयोजन किया गया। मिशन शक्ति फेस-5 की गूँज से पूरा परिसर सराबोर रहा। विद्यालय की सैकड़ों छात्राएँ इस जागरूकता अभियान में शामिल हुईं और महिला सशक्तिकरण एवं सुरक्षा संबंधी अहम जानकारियाँ प्राप्त कीं।

अभियान प्रभारी सब-इंस्पेक्टर श्रीकृष्णा शुक्ला ने अपनी टीम के साथ बालिकाओं को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला सहायता नंबर 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, तथा साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दीं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार को इन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी रखनी चाहिए ताकि किसी भी संकट में तुरंत सहायता मिल सके। थाना प्रभारी ने भी पुरुषों से अपील की कि वे इन जानकारियों को अपनी बेटियों, बहनों और पत्नियों तक पहुँचाएँ, ताकि समाज में सुरक्षा का वातावरण बन सके।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण तब देखने को मिला जब महिला कांस्टेबल लक्ष्मीना यादव ने मंच पर छात्राओं, आशा बहू गायत्री देवी और आंगनवाड़ी सहायिका पूनम देवी को आमंत्रित कर उनसे सवाल-जवाब किए। तीनों ने आत्मविश्वास से उत्तर देकर उपस्थित सैकड़ों महिलाओं का उत्साह बढ़ाया, और पूरा हॉल तालियों से गूँज उठा।

अभियान में देवेन्द्र सिंह, अनिल मौर्या, विजय गुप्ता, दीपिका सेंगर, तथा पीआरडी जवान सोना देवी भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का सार यह रहा कि संवेदनशील प्रहरी और जागरूक समाज मिलकर सशक्त और आत्मनिर्भर भविष्य का निर्माण कर सकते है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!