सुल्तानपुर। गुरुवार को नगर के रामनरेश त्रिपाठी सभागार में आयोजित बैठक में डाक मंडल की निदेशक प्रीति अग्रवाल ने संयुक्त जिले अमेठी-सुल्तानपुर के सभी शाखा डाकपालों को डाक विभाग की जनहितकारी योजनाओं के अधिक से अधिक खाते खोलने के लिए अभियान चलाने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि डाक विभाग की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाना सभी कर्मचारियों की जिम्मेदारी है और इसके लिए विभाग की ओर से हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
निदेशक प्रीति अग्रवाल ने बताया कि जिस प्रकार सभी कर्मियों ने मिलकर पूरे प्रदेश में डाक जीवन बीमा में सुल्तानपुर डिवीजन को अग्रणी स्थान दिलाया है, उसी प्रकार अन्य सभी योजनाओं को भी प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाना होगा। उन्होंने कहा कि इस सफलता में अधीक्षक राजेश तिवारी तथा सभी निरीक्षकों और कर्मचारियों की कड़ी मेहनत का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
बैठक के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को बधाई देते हुए उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
रिपोर्ट – राकेश शर्मा (विशेष संवाददाता )


