मड़गांव (गोवा)। सालसेतु तालुका के सरकारी प्राथमिक विद्यालय अंबाजी फतोर्डा में गणेश चतुर्थी का उत्सव बड़े हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 11 बजे हुआ, जिसमें विद्यार्थियों के माता-पिता और कई अतिथि सम्मिलित हुए।

विद्यालय की मुख्याध्यापिका श्रेया पागी और सहशिक्षिका नम्रता कामन ने पहले से ही विद्यालय को आकर्षक ढंग से सजाया था। गणेश पूजा का अवसर विद्यालय के छात्र अंश यादव को मिला। पूजा के उपरांत बच्चों ने रंगोली बनाई और शिक्षिकाओं के साथ मिलकर पारंपरिक फुगड़ी और गरबा खेलकर उत्सव की रौनक बढ़ाई।

पूजा-अर्चना के लिए विद्यार्थियों के अभिभावकों ने अपनी ओर से मिठाइयाँ और फूल अर्पित किए। सामूहिक रूप से गणेश आरती का आयोजन हुआ और विद्यालय प्रबंधन समिति, शिक्षकों व बच्चों ने मिलकर आतिशबाजी भी की।
अंत में प्रसाद वितरण के साथ यह धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम संपन्न हुआ। गणेश चतुर्थी का यह आयोजन बच्चों के लिए भक्ति, परंपरा और आनंद का अद्भुत संगम साबित हुआ।
जंगबहादुर यादव
