यूपी
विधायक निधि से सीएचसी बल्दीराय में लगेगा 25 केवीए का जनरेटर
विधायक मोहम्मद ताहिर खान ने सीडीओ को लिखा पत्र

सुल्तानपुर। इसौली विधानसभा क्षेत्र स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बल्दीराय में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति एक बार फिर सामने आई है। बिजली आपूर्ति बाधित होने पर अस्पताल में टॉर्च की रोशनी में मरीजों का इलाज और ऑपरेशन किया गया, जिससे मरीजों और उनके तीमारदारों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस गंभीर स्थिति की जानकारी मिलते ही इसौली विधायक मोहम्मद ताहिर खान ने त्वरित संज्ञान लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी को पत्र लिखकर अपनी विधायक निधि से 25 केवीए क्षमता वाला साइलेंट जनरेटर लगाए जाने की अनुशंसा की। विधायक ने अपने पत्र में लिखा कि अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह पर बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था का न होना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है। ऐसी स्थितियों से निपटने के लिए जनरेटर की व्यवस्था तत्काल की जानी चाहिए ताकि भविष्य में मरीजों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।गौरतलब है कि बल्दीराय सीएचसी पर फिलहाल 5 केवीए का एक छोटा जनरेटर कार्यरत है,जो अस्पताल की समस्त आवश्यक सेवाओं को सुचारु रूप से एक साथ नहीं चला पा रहा। इसी कारण 25 केवीए क्षमता वाले जनरेटर की मांग लंबे समय से की जा रही थी, लेकिन अब विधायक निधि से 25 केवीए के जनरेटर की सिफारिश ने उम्मीद की नई किरण जगा दी है। इस संबंध में अस्पताल प्रशासन द्वारा पहले भी जिला पंचायत अध्यक्ष, सांसद, विधायक, ब्लॉक प्रमुख और विभागीय अधिकारियों को कई बार पत्र भेजे जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हो सकी थी।
