
सुल्तानपुर। जिला चिकित्सालय से जुड़े चिकित्सा महाविद्यालय सुल्तानपुर में एंबुलेंस वाहन में फर्जीवाड़े का मामला उजागर हुआ है। टाटा कंपनी की बताई जा रही एंबुलेंस का रजिस्ट्रेशन महिंद्रा कंपनी के नाम पर दर्ज पाया गया है, जिससे पूरे चिकित्सा तंत्र में हड़कंप मच गया है।मामले का संज्ञान लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ.आर.के.मिश्रा ने तत्काल प्रभाव से मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से गाड़ी की संबद्धता और दस्तावेजों का पूरा विवरण तलब किया है। उन्होंने कहा कि जांच-पड़ताल के आधार पर जल्द ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।बताया जा रहा है कि यह एंबुलेंस वाहन वर्ष 2014 में सीएमओ कार्यालय से जिला अस्पताल में भेजा गया था,जिसकी वर्तमान स्थिति और दस्तावेजों में भारी गड़बड़ी पाई गई है। प्रथम दृष्टया फर्जीवाड़ा स्पष्ट नजर आ रहा है।डॉ. मिश्रा ने साफ किया कि तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है और यदि अनियमितता पाई गई तो जिम्मेदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
